देश के कई राज्यों के साथ यूपी के कुछ शहरों में फैले स्वाइन फ्लू ने इलाहाबाद में भी दस्तक दे दी है। ट्रिपल आईटी की एक छात्रा में इस गंभीर बीमारी की पुष्टि हुई है। फिलहाल छात्रा को लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में भर्ती करा दिया गया है। खबर पाने के बाद सीएमओ के नेतृत्व में उनकी टीम ने मंगलवार को यहां झलवा स्थित संस्थान का दौरा किया और छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की। सीएमओ का दावा है कि अन्य छात्र-छात्राओं में स्वाइन फ्लू के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। उन्हें अलर्ट किया गया है। अगर किसी तरह की दिक्कत होती है तो तुरंत सूचित करें और डॉक्टर को दिखाएं।
ट्रिपल आईटी में बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा तीन दिन पहले अचानक बीमार पड़ी। दिक्कत बढ़ने पर वह लखनऊ स्थित अपने घर चली गई। स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर मंगलवार को उसे एसजीपीजीआई में भर्ती करा दिया गया। संस्थान में खबर आते ही हड़कंप मच गया। ट्रिपल आईटी प्रशासन इस बात को लेकर परेशान हो गया कि कहीं बीमारी अन्य छात्र-छात्राओं पर शिकंजा न कस ले। सूचना सीएमओ पद्माकर सिंह को दी गई, जिसके बाद सीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों और स्वाइन फ्लू टास्क फोर्स की टीम ने संस्थान का दौरा किया।
टीम ने संस्थान के सभी छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें बीमारी के लक्षण व उससे बचाव की भी जानकारी भी दी। सीएमओ ने बताया कि संस्थान में अध्ययनरत बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा की तबीयत तीन दिन पहले खराब हुई थी। छात्रा अपने घर लखनऊ लौट गई। परिजन उसे एसजीपीजीआई ले गए, जहां जांच के बाद उसमें स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। छात्रा का वहां इलाज चल रहा है। फिलहाल ट्रिपल आईटी के किसी अन्य छात्र-छात्रा में स्वाइन फ्लू के कोई लक्षण नहीं हैं। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर इस बीमारी से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।