इलाहाबाद, कानपुर और आगरा के यात्री भी अब डबल डेेकर ट्रेन में सफर कर सकेंगे। दरअसल, इस बार के रेल बजट में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने व्यस्त मार्गों पर रात्रिकालीन डबल डेकर सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए बिजी रूटों का चयन भी कर लिया गया है। व्यस्त मार्गो में दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-मुगलसराय, दिल्ली-आगरा-ग्वालियर-झांसी रूट भी शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य व्यस्त मार्गों का भी चयन किया गया है।
इस बार के रेल बजट में एलान किया था कि रेलवे देश के व्यस्त मार्गों पर डबल डेकर एयर कंडीशन्ड सेवा (उदय) शुरू करेगा। ये ट्रेनें व्यस्त मार्गों पर रात में ही चलेगी। बता दें कि देश में सबसे पहले डबल डेकर ट्रेन अहमदाबाद से मुंबई के बीच सितंबर 2012 में चली थी। इसके बाद हावड़ा-धनबाद, चेन्नई-बंगलौर, पुणे-मुंबई, दिल्ली-जयपुर, काचीगुडा-तिरुपति, काचीगुडा-गुटूर, मुंबई-गोवा, लखनऊ-नई दिल्ली, इंदौर-भोपाल के बीच भी डबल डेकर ट्रेन का संचालन हो रहा है। अब रेलमंत्री के एलान के बाद देश के अन्य महत्वपूर्ण व्यस्त मार्गों पर भी इसे चलाने की तैयारी की जा रही है।
पिछले सप्ताह उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण सक्सेना ने भी कहा था कि व्यस्त रूटों पर डबल डेकर ट्रेेन चलनी है। इसमें एनसीआर के भी दो प्रमुख रूट शामिल होंगे। एनसीआर के इन दो प्रमुख रूटों में दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-मुगलसराय एवं दिल्ली-आगरा-ग्वालियर-झांसी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि एनसीआर की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे जल्द ही रेलवे बोर्ड को भेज दिया जाएगा। इस बारे में एनसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी बिजय कुमार का कहना है कि इस बार के रेल बजट में रेलमंत्री ने सबसे व्यस्त मार्गों पर रात्रिकालीन उत्कृष्ट डबल डेकर एयर कंडीशंड यात्री सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। जोनल रेलवे ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।