चुनाव में वर्तमान एमएलसी के साथ अधिकांश नए चेहरे मैदान में
प्रयागराज। प्रदेश के इलाहाबाद-झांसी स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल में संभावित है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इन दिनों मतदाता सूची बनाने का काम तेजी से चल रहा है। निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची को अंतिम रूप देने केलिए छह नवंबर की तिथि तय की है। छह नवंबर को मतदाता बनाने का काम पूरा होने के बाद आयोग की ओर से 23 नवंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 23 से नौ दिसंबर के बीच मतदाता सूची को लेकर आपत्ति दर्ज की जाएगी। आयोग की ओर से अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 दिसंबर को होगा।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) के लिए वर्तमान एमएलसी सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज प्रयागराज के प्रधानाचार्य पद से अवकाश प्राप्त डॉ. यज्ञदत्त शर्मा भाजपा की ओर से मैदान में हैं तो पुरानी पेंशन को लेकर लड़ाई लड़ रहे अटेवा पेंशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बृज मंगल सिंह इंटर कॉलेज में प्रवक्ता डॉ. हरि प्रकाश यादव, केपी जायसवाल इंटर कॉलेज के शिक्षक एवं कांग्रेस नेता अजय कुमार सिंह, समाजवादी पार्टी से मनौरी में एक इंटर कॉलेज के डॉ. मान सिंह सहित कई अन्य प्रत्याशी दावा ठोक रहे हैं।