इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी ने वार्षिक चुनाव-2025 की घोषणा कर दी है। 25 जून से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो जाएगी। मतदान 23 जुलाई 2025 को होगा। इसके बाद मतगणना शुरू होगी। यह जानकारी एल्डर कमेटी के चेयरमैन व वरिष्ठ अधिवक्ता विजय बहादुर सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि 13 जून तक सभी अधिवक्ता अपनी सदस्यता शुल्क जमा कर सकते हैं। इसके बाद अनंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिस पर अधिवक्ता 17 से 19 जून तक आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची 22 जून को प्रकाशित की जाएगी।
इसके बाद 25 जून से दो जुलाई तक नामांकन पत्र खरीदे व दाखिल किए जाएंगे। तीन जुलाई को नाम वापसी होगी। चार से पांच जुलाई के बीच नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। छह जुलाई को आपत्तियां दर्ज होंगी। आठ जुलाई को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 23 जुलाई को मतदान होगा।
वहीं, एल्डर कमेटी ने सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। वे एल्डर कमेटी के सदस्यों के परामर्श से सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करेंगे। एल्डर कमेटी के बैठक में सदस्य वीके सिंह, वीपी श्रीवास्तव, सीएल पांडेय व एएन त्रिपाठी रहे।
चुनाव निष्पक्ष व शांति पूर्वक सम्पन्न कराया जाएगा। इस बार चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। किसी भी उम्मीदवार की ओर से आचार संहिता के उल्लंघन की सूचना मिलती है तो त्वरित जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - विजय बहादुर सिंह, चेयरमैन एल्डर कमेटी