इलाहाबाद। संगम नगरी से मैहर, रीवा, सतना और जबलपुर जाने-आने वाले लोगों को बड़ी सौगात मिल गई है। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय नैनी से मध्य प्रदेश की सीमा तक रीवा रोड को फोरलेन बनाने जा रहा है। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नेशनल हाइवे अथारिटी ऑफ इंडिया शनिवार से इसके टेंडर फार्म की बिक्री करने जा रहा है। इस योजना में घूरपुर रेलवे क्रासिंग पर दो लेन का अतिरिक्त रेल ओवर ब्रिज और गौहनिया व जारी बाजार में फ्लाईओवर तथा अंडर पास बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को चौड़ी सड़क पार करने में दिक्कत न हो।
जिले से मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले इस नेशनल हाइवे की स्थिति ठीक नहीं है। नैनी से लेकर जारी तक सड़क अक्सर इस कदर उखड़ी रहती है जिससे गुजरने में लोगों काफी दिक्कतें होती हैं। इससे निजात के लिए पिछले कई सालों से इस सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग उठती रही है। जर्जर हालत वाली इस सड़क से तीन घंटे का रास्ता पांच घंटे में पूरा होता है, लेकिन अब राहगीरों के लिए यह आसान होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस सड़क के यूपी में पड़ने वाले हिस्से को फोरलेन बनाने की न सिर्फ मंजूरी दे दी है। बल्कि, निर्माण के लिए प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
एनएचएआई के अफसरों के मुताबिक पहले चरण में यह सड़क नैनी से मध्य प्रदेश की सीमा तक बनेगी। यह करीब 46 किमी लंबी है। मध्य प्रदेश में पड़ने वाले इस सड़क के हिस्से को दूसरे चरण में चौड़ा किया जाना है। मंत्रालय की तेजी के बाद सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। बता दें कि रीवा-सतना-जबलपुर सेक्शन को फोरलेन करने की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे में यूपी के इस हिस्से के चौड़ीकरण और बड़े कस्बों में भीड़ से बचने के लिए अंडर पास और और फ्लाईओवर के निर्माण से सफर आसान हो जाएगा।