ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी काम के लिए अब लोगों को ट्रांसपोर्टनगर नहीं जाना होगा। बल्कि ये सारे काम अब नैनी स्थित आईटीआई परिसर में बनाए गए नवनिर्मित ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (डीटीआई) में होंगे। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। ड्राइविंग संबंधी काम काज के लिए डीटीआई में 11 अधिकारियों और कर्मचारियों का स्टाफ लगाया जाएगा। कामकाज 21 जून यानी सोमवार से शुरू किया जाएगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सारे काम अब नैनी में नवनिर्मित डीटीआई पर ही कराया जाएगा। इसके लिए वहां तैयारी कर ली गई है। तीन दिन पहले ही डीटीआई का उद्घाटन हुआ है। इंस्टीट्यूट पर लर्निंग लाइसेंस, परमानेंट लाइसेंस और डुप्लीकेट लाइसेंस का काम होगा। इसके लिए वहां पर आरआई बृजेंद्र नाथ चौधरी व संजय कुमार गुप्ता के अलावा सात डाटा इंट्री ऑपरेटर सहित 11 लोगों का स्टाफ तैनात किया जाएगा। ड्राइविंग लाइसेंस का काम पूरी तरह से संचालित होने के बाद वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट का काम भी वहीं शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि, फिटनेस का काम कई दिनों के बाद शुरू होगा। इसके लिए कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। लेकिन, ड्राइविंग लाइसेंस का काम 21 जून से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि डीटीआई को 15 जून से शुरू किया गया है। यहां ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों के परीक्षण के लिए ट्रैक बनाया गया। आवेदक द्वारा अप ग्रेडियंट, पार्किंग एवं रिवर्स में गाड़ी का परिचालन करना पड़ेगा। इन सारी प्रक्रियाओं में दक्षता पूर्वक पास होने के बाद लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। अभी तक ड्राइविंग लाइसेंस का काम ट्रांसपोर्टनगर स्थित कार्यालय में हो रहा था। लेकिन, भीड़ होने से वहां कामकाज में बांधा उत्पन्न हो रही थी। आवेदकों के भौतिक परीक्षण के लिए जगह भी नहीं थी। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।