All the unprotected by the City Magistrate, who came to remove encroachment
सिविल लाइंस में बृहस्पतिवार रात अतिक्रमण हटाने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट से सरेआम अभद्रता की गई। नशे में धुत तीन युवकों ने न सिर्फ उनसे धक्कामुक्की, बल्कि अपशब्द भी कहे। जिसके बाद तीनों को पकड़कर थाने लाया गया। जहां देर रात उनका मेडिकल कराया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइंस में इन दिनों मुख्य सड़कों को ठेला-खोमचा मुक्त कराने का अभियान चल रहा है। पुलिस व प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। दो दिन पहले सिविल लाइंस थाने में बैठक कर इस संबंध में फुटपाथ कारोबारियों को निर्देश भी दिए गए थे।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार रात सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश कुमार मयटीम सिविल लाइंस क्षेत्र में निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि वह जैसे ही सरदार पटेल मार्ग पर पीवीआर के पास पहुंचे, वहां तीन युवक उनसे उलझ गए। आरोप यह भी है कि नशे में धुत युवकों ने न सिर्फ धक्कामुक्की की, बल्कि अपशब्द भी कहे। जिसके बाद तीनों को पकड़कर थाने लाया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। जहां देर रात उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले में सिविल लाइंस इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया ने बताया कि तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।