माफिया मुख्तार अंसारी पर दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में जुटी प्रवर्तन निदेशालय की टीम विकास कांस्ट्रक्शन की सभी संपत्तियों को जल्द ही अटैच कर सकती है। इसके साथ ही इसके गाजीपुर स्थित ऑफिस को भी सील किया जा सकता है। माफिया के विधायक बेटे अब्बास अंसारी, साले सरजील रजा उर्फ आतिफ व अन्य करीबियों से पूछताछ के बाद यह बात सामने आई है। जिन तीन करीबियों से पूछताछ हुई, वह विकास कांस्ट्रक्शन का पूरा काम देखते थे। यह मुख्तार के बेहद करीबी हैं। इनमें से कोई फर्म का पार्टनर नहीं है। लेकिन सारा काम उनकी ही देखरेख में होता है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्तार के तीनों करीबियों से पूछताछ के बाद यह लगभग साफ है कि विकास कांस्ट्रक्शन के जरिये ही मुख्तार की अवैध कमाई से संपत्तियां बनाई गईं। ऐसे में अब फर्म के नाम और इसके पार्टनरों के नाम पर बनाई गई संपत्तियां अटैच करने की तैयारी है। गौरतलब है कि विकास कांस्ट्रक्शन के जरिये मिली रकम से मुख्तार की पत्नी अफ्शा अंसारी व अन्य के नाम पर संपत्तियां बनाई गईं। ऐसे में अब पता लगाया जा रहा है कि फर्म के नाम पर कुल कितनी और कहां-कहां संपत्तियां बनाई गईं। चिह्नित करने के बाद इन संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी।