इलाहाबाद। शनिवार को विशेष न्यायाधीश एके गुप्ता ने रामजन्मभूमि पर हुए आतंकी हमले के मामले की सुनवाई की। हमले में आतंकियों द्वारा प्रयुक्त एके-47 राइफल और मेड इन चाइना पिस्टल सहित वह तमाम असलहे अदालत के सामने पेश किए गए, जिनका हमले में इस्तेमाल हुआ था। मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को होगी ।
अदालत के आदेश पर रामजन्मभूमि थाने के इंस्पेक्टर नरेन्द्र सिंह और मालखाना प्रभारी सतीश चंद्र ने माल मुकदमा एके 47 रायफल, कारतूस, चायनीज पिस्टल, मालखाना रजिस्टर और उस वाहन को पेश किया, जिसे आतंकी जम्मू-कश्मीर से लेकर आए थे । कोर्ट ने इंस्पेक्टर को अगली तारीख पर वाहन को ट्रेलर पर लाने का आदेश दिया है। सुनवाई के दौरान जेल में बंद पांचों आरोपी उपस्थित रहे। एडीजीसी गुलाब चंद अग्रहरि ने बताया कि मुकदमे में हाईकोर्ट के आदेश से तत्परता से सुनवाई चल रही है। घटना से संबंधित साक्ष्य कोर्ट में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि इस मामले में जल्दी ही फैसला आ जाएगा।