0 जनता कर्फ्यू की वजह से रविवार को विमानन कंपनी इंडिगो भी अपनी कुछ उड़ानें कर सकती है निरस्त
प्रयागराज। प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट रविवार तक निरस्त रहेगी। शुक्रवार को यह निर्णय लिया गया। दिल्ली से फ्लाइट न ही शुक्रवार को आई, न हीं यहां से रवाना हुई। हालांकि इसमें आज यात्रियों की बुकिंग भी काफी कम थी। वहीं दूसरी ओर निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने भी रविवार को जनता कर्फ्यू के मद्देनजर प्रयागराज एयरपोर्ट से संचालित कुछ उड़ानें निरस्त करने की तैयारी की है। चर्चा है कि रविवार को प्रयागराज गोरखपुर ,प्रयागराज कोलकाता और प्रयागराज रायपुर फ्लाइट निरस्त हो सकती है। हालांकि फ्लाइट निरस्त करने के पूर्व इंडिगो प्रशासन यह भी देखेगा कि किस फ्लाइट में लोड फैक्टर यात्रियों का कम है। अगर किसी फ्लाइट में यात्रियों का लोड फैक्टर ज्यादा होगा तो उसे निरस्त नहीं किया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के मद्देनजर प्रयागराज से विभिन्न शहरों के लिए संचालित फ्लाइट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने की बात कही है। एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील यादव ने कहा पिछले कुछ दिन से मुंबई, पुणे ,बेंगलुरु से आने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा है जबकि, यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या कम है।