फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : इंटर पास छात्रों के कौशल विकास के लिए यूपी बोर्ड व मुक्त विवि में करार, विषय चयन में काउंसलिंग भी

Sat, 19 Jul 2025 03:47 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रों के कौशल विकास के लिए शुक्रवार को यूपी बोर्ड व उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत मुक्त विवि छात्रों की जरूरतों के हिसाब से रोजगारपरक पाठ्यक्रम तैयार करने के साथ विषय चयन में उनकी काउंसलिंग भी करेगा।

विज्ञापन
यूपी बोर्ड। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रों के कौशल विकास के लिए शुक्रवार को यूपी बोर्ड व उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत मुक्त विवि छात्रों की जरूरतों के हिसाब से रोजगारपरक पाठ्यक्रम तैयार करने के साथ विषय चयन में उनकी काउंसलिंग भी करेगा।

समझौता ज्ञापन के उपरांत दोनों संस्थानों के बीच शैक्षिक सहयोग बढ़ेगा जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण मिलेगा। इस समझौता ज्ञापन के तहत मुक्त विश्वविद्यालय ऐसे पाठ्यक्रम विकसित करेगा जो प्रतिवर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले लाखों छात्रों की जरूरतों को पूरा करेंगे।

कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद छात्रों को रोजगार के क्षेत्र में मुक्त विश्वविद्यालय नई दिशा प्रदान करेगा। मुक्त विवि इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण कर आने वाले छात्रों को विषय के चयन और कौशल विकास के क्षेत्र में भी पारंगत करेगा। यह कार्य मुक्त विवि अपने सभी 12 क्षेत्रीय केंद्रों और प्रदेश में स्थापित समस्त अध्ययन केंद्रों के सहयोग से करेगा।

सभी क्षेत्रीय केंद्रों में यूपी बोर्ड से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों की उनकी रुचि के अनुसार विषयों के चयन में काउंसलिंग की जाएगी जिससे वे अपने कॅरिअर का उन्नयन कर सकेंगे और रोजगार की संभावनाएं तलाशने में दिग्भ्रमित नहीं होंगे। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने कहा कि दोनों संस्थाओं के बीच एमओयू का उद्देश्य छात्रों के बीच शैक्षिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

सचिव ने कहा कि इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की विस्तृत जानकारी मुक्त विश्वविद्यालय के साथ साझा की जाएगी जिससे नए विषयों, नए कार्यक्रमों, कॅरिअर में उन्नति और प्रवेश पूर्व परामर्श कार्यक्रम की जानकारी ईमेल एवं एसएमएस आदि के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा सके और वे इससे लाभान्वित हो सकें।

कुलपति प्रो. सत्यकाम की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार और उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने समझौता ज्ञापन पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर यूपी बोर्ड के अपर सचिव सतेंद्र कुमार समेत प्रो. संजय सिंह और मुक्त विवि की वित्त अधिकारी पूनम मिश्रा भी मौजूद रहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें