न्यायिक मजिस्ट्रेट की कार की टक्कर से घायल विनय कुमार पाल (35) की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हाे गई। इससे गुस्साए परिजनों ने थरवई क्षेत्र के जैतवारडीह गांव में चक्काजाम कर दिया। हंगामे को बढ़ता देख मौके पर पहुंचे सांसद प्रवीण पटेल के आश्वासन के बाद आक्रोशितों ने जाम हटाया।
शुक्रवार की शाम जैतवारडीह गांव का विनय कुमार पाल शाम सड़क पार करते वक्त जौनपुर में तैनात न्यायिक मजिस्ट्रेट की कार की चपेट में आकर घायल हो गया था। सोमवार सुबह स्वरूपरानी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों ने शाम चार बजे शव को बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
सूचना मिलने पर थरवई पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मांग की कि लापरवाही की वजह से विनय की मौत हुई है। इस दौरान मौके पर पहुंचे प्रवीण पटेल ने परिजनों को सांसद निधि से पांच लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने चक्काजाम खत्म किया। लगभग एक घंटे तक जाम चला। इससे यहां से गुजरने वाले लोगों को दिक्कताें का सामना करना पड़ा।