प्रयागराज। राज्यसभा में नागरिकता संशोधन बिल पास होने के बाद भाजपाइयों ने बुधवार की रात जश्न मनाया। एक ओर पार्टी नेताओं ने जहां मिठाइयां बांटी तो वहीं दूसरी ओर आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पार्टी नगर अध्यक्ष और यमुनापार अध्यक्ष के आवास पर बधाई देने वालों की भीड़ लग गई।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि 70 साल से विदेशों में जलालत की जिंदगी जी रहे तमाम अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को सम्मान जनक जीवन जीने के लिए केंद्र सरकार ने जो साहसिक निर्णय लिया वह मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने दोनों सदनों में बिल पास होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह का आभार जताया। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने भी बिल पास होने पर खुशी जताई। पार्टी नेता उमेश शुक्ला के आवास पर महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी और यमुनापार अध्यक्ष विभव नाथ भारती ने तमाम पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई। इस दौरान रमेश पासी, देवेन्द्र नाथ मिश्र, भोला तिवारी, गिरजेश मिश्र, आशुतोष पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं पार्टी नेता पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में आतिशबाजी की गई। इस अवसर श्यामचंद, रवि केसरवानी, राजू पाठक, शिवेंद्र मिश्र, राजन शुक्ला आदि मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारी डा. एलएस ओझा, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, सुबोध सिंह कहा कि आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।
सांसद रीता और केशरी ने दी शुभकामनाएं
लोकसभा के बाद राज्यसभा से नागरिकता संशोधन विधेयक पारित होने पर स्थानीय सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी और केशरी देवी पटेल ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। डा. रीता ने कहा कि इस एतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार एवं धन्यवाद है। वहीं केशरी देवी ने कहा कि मोदी 2.0 की एक और उपलब्धि। सभी को ढेर सारी शुभकामनाएं।