प्रयागराज लाइट मेट्रो प्रोजेक्ट। सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला।
संगमनगरी की महत्वाकांक्षी लाइट मेट्रो परियोजना एकबार फिर आगे बढ़ने की आस जगी है। इस संबंध में शुक्रवार को पीडीए, सेना के अफसरों, मेट्रो रेल कारपोरेशन लिमिटेड और सिविल अर्बन इंजीनियरिंग एवं सस्टेनेबिलिटी की संयुक्त बैठक होनी है। इसमें मेट्रो कॉरिडोर संरेखण एवं डिपो मैप स्टेशन के लिए रक्षा विभाग की भूमि पर चर्चा की जाएगी। साथ ही अफसरों की ओर से स्थलीय निरीक्षण किया जाना है।
संगम नगरी के लिए अहम मानी जाने वाली लाइट मेट्रो रेल परियोजना की शुरुआत वर्ष-2016 में हुई थी, लेकिन नाै साल बाद भी यह कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है। स्थिति यह है कि सेना से अनापत्ति के इंतजार में अब तक डीपीआर भी फाइनल नहीं हो सका है, जबकि इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों की 35 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं। सेना से अनापत्ति और स्थलीय निरीक्षण के लिए अधिकारियों की 18 मार्च 2025 को प्रस्तावित बैठक स्थगित हो चुकी है। अब शुक्रवार को एकबार फिर से परियोजना से जुड़े विभागाें और अधिकारियों की बैठक होनी है।