कोतवाली नैनी अंतर्गत गंजिया मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक किशोर का शव घर से कुछ दूर नाले के बगल झांड़ियों में नग्नावस्था में फेका हुआ मिला। जानकारी होने पर वहां पर बड़ी संख्या में आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। किशोर सोमवार शाम से ही लापता था। घटना स्थल से उसके कपड़े और चप्पले भी बरामद हुई है। किशोर की आंख और चेहरे में चोट के निशान मिले है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंजिया निवासी नसीम मैकेनिक है और ट्रकों में ग्रीसिंग का काम करता है। उसके तीन पुत्र व तीन पुत्रियों में पांचवें नंबर का जसीम उम्र 12 वर्ष सोमवार शाम से ही लापता था। परिजनों ने पूरी रात उसकी खोजबीन की थी लेकिन कुछ पता नही चला। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने उसका शव घर से 500 मीटर दूर नाले के बगल झांड़ियों में पड़ा हुआ देखा। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और सिर व आंख में चोट के निशान थे। जानकारी होने पर कुछ ही देर में वहां आस-पास के लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर नैनी पुलिस वहां पहुंची और घटना स्थल की जांच करते हुए आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर क्षेत्र में तमाम प्रकार की चर्चाएं हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि किशोर के साथ अनैतिक कार्य करने का प्रयास किया गया होगा। विरोध करने पर अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी। किशोर की पिता की तहरीर पर नैनी थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज है। मामले में सीओ करछना राजेश कुुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल लोगों से पूछताछ के साथ आस-पास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटैज खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सुबह पानी भरे गढ़ढे में और कुछ देर बाद झाड़ियों में पहुंच गया शव
किशोर का शव नाले के पास झांड़ियों में मिला। लेकिन मोहल्ले के ही एक युवक ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब छह बजे जब वह वहां से गुजरा था तो झांड़ियों के पास पानी भरे गढ्ढे में उसका शव पड़ा हुआ था। शव देखकर वह डर गया और बिना किसी को कुछ बताए वहां से चला गया। मोहल्ले वालों का जब इसकी जानकारी हुई तो वह वहां पहुंचे तो देखा कि शव झांड़ियों में पड़ा हुआ है। अब सवाल यह उठता है कि किसने गढ्ढे से शव उठाकर झांड़ियों में फेंका। पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है।
शाम को ही परिजनों ने की थी शिकायत
लापता किशोर का कुछ पता नहीं चलने पर शाम को ही उसके परिजन थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी की शिकायत की थी। पुलिस ने गुमशुदगी की तहरीर तो ले ली लेकिन मंगलवार सुबह उसके उपहरण का मुकदमा दर्ज किया। परिजनों की मांने तो शाम करीब सात बजे नमाज अदा करने के बाद किशोर घर के पास ही आस-पास के लड़कों के साथ खेल रहा था। इसके बाद ही वह कही लापता हो गया। पूरी रात उसकी तलाश की जाती रही। देर रात मस्जिद से उसकी गुम होने की सूचना का एलाउंस की गई थी।
स्मैकियों पर है पुलिस को शक
किशोर का शव जिस स्थान पर मिला है। वहां शाम होते ही सन्नाटा हो जाता है और फिर वहां पर स्मैकियों की जमात जुटती है। इसकी शिकातय कई बार की जा चुकी है लेकिन पुलिस की गश्त नहीं होने से यह जगह स्मैकियों के लिए काफी सुरक्षित है। स्मैकियों के कारण ही मोहल्ले वाले भी शाम के बाद वहां जाने से कतराते है। पुलिस मामले में स्मैकियों की हाथ होने की जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटैज से खुल सकता है राज
किशोर के घर से लेकर घटना स्थल तक आधा दर्जन से अधिक मकानों में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस किशोर के मौत के मामले में इनके फुटैज खंगालने में लगी है। नैनी पुलिस ने एक टीम बनाई है जो शाम से लेकर सुबह तक का फुटैज खंगाल रही है। घटना स्थल के दौ सौ मीटर दूर एक मकान में भी सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है जिसकी फुटैज खंगाली जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को फुटैज में कुछ खास नहीं हासिल हो सका था।