पूर्व सीएमओ से 1.26 करोड़ की ठगी के मामले में नया खुलासा हुआ है। दुबई के साइबर ठग गैंग का तमिलनाडु कनेक्शन सामने आया है। इससे पहले गुजरात के सूरत से कनेक्शन जुड़ा था। भारत में गैंग की मुख्य हैंडलर शबीना मोहम्मद की दुबई में बैठे सरगना से मुलाकात तमिलनाडु के स्टीव नाम के शख्स ने कराई थी। यह खुलासा शबीना ने कस्टडी रिमांड में पूछताछ के दौरान किया है।
साइबर थाना पुलिस ने एक दिन पहले शबीना, उसके पति पटेल सुहेल मोहम्मद और भाई अमीरद्दीन को 36 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की थी। सूत्रों का कहना है कि करीब 10 घंटे तक चली पूछताछ के दौरान उससे कई जानकारियां मिलीं। इसी दाैरान गिरोह का तमिलनाडु कनेक्शन भी सामने आया। पता चला कि कुछ साल पहले दुबई से सोने की तस्करी करते पति सुहेल ही नहीं बल्कि शबीन भी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुई थी। इसके बाद दोनों को जेल भेजा गया था और इसी दौरान जेल में सुहेल की मुलाकात तमिलनाडु के स्टीव से हुई थी।
बातों-बातों में ही सुहेल ने उसे अपनी पत्नी के बारे में बताया। जेल से छूटने के बाद शबीना भी स्टीव के संपर्क में आ गई और फिर स्टीव ने ही उसका संपर्क दुबई में बैठे सरगना से कराया। शबीना दुबई जाकर उससे मिली जिसके बाद वहीं उसकी ट्रेनिंग भी कराई गई। इसके बाद शबीना वापस लौटकर ठगी की वारदातें अंजाम देने लगी। उसने पति व भाई के साथ मिलकर न सिर्फ खातों का इंतजाम किया, बल्कि अलग-अलग राज्यों में एजेंट भी बनाए। फिलहाल पुलिस स्टीव के बारे में और जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार को ही तीनों को नैनी जेल में दाखिल करा दिया गया।
हर बार होटल में हुई मुलाकात
सरगना दुबई में कहां रहता है इसकी जानकारी शबीना को नहीं है। हर बार उसकी मुलाकात होटल में हुई है जहां उसके जैसे कई और एजेंट भी मौजूद रहते थे। क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर के लिए उसे अलग-अलग वाॅलेट बताए गए थे जो विदेशी एक्सचेंज एप पर बनाए गए थे। हवाला दलाल को नकदी देते वक्त उसे उन वॉलेट के बारे में बता दिया जाता था और फिर वह रकम को क्रिप्टोकरेंसी में तब्दील कर इन्हीं वाॅलेट में ट्रांसफर कर देता था।
टेलीग्राम एप से होती थी बात
शबीना व साइबर ठग गिरोह के अन्य एजेंट टेलीग्राम गु्रप के जरिये आपस में संपर्क में रहते थे। टेलीग्राम पर ही वह सरगना से भी जुड़े होते थे। उसके मोबाइल में टेलीग्राम एप से वॉइस कॉलिंग के रिकॉर्ड्स भी मिले हैं। फिलहाल उसने किसको कॉल किया, यह नहीं पता चल पाया है।