आखिरकार आठ दिन और सात रात के बाद सीएमपी रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) के नीचे का रास्ता रेलवे ने खोल दिया। यहां उत्तर रेलवे द्वारा रेल ट्रैक दोहरीकरण के लिए छह दिसंबर से रोड ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। बुधवार की शाम चार बजे बैरहना-तिकोनिया से मेडिकल चौराहे को जाने वाला यह रास्ता आम लोगों के लिए खोल दिया गया। इस महत्वपूर्ण रास्ते के खुलने के बाद शहरियों ने भी राहत की सांस ली। पिछले आठ दिनों से रास्ता बंद होेने की वजह से शहर के तमाम स्थानों पर जाम से लोग खासे परेशान थे।
सीएमपी आरयूबी पर रेल ट्रैक दोहरीकरण के लिए रेलवे को आरसीसी के चार बॉक्स को लगाने थे। इसके लिए छह से 13 दिसंबर तक रेलवे द्वारा रोड ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया था। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन बंद हो जाने का असर तकरीबन पूरे शहर पर पड़ा। बीते आठ दिनों के दौरान शहर के तमाम स्थानों पर लंबा जाम भी लगा। फिलहाल यहां बुधवार की सुबह तक चौथा और आखिरी आरसीसी का बॉक्स लगा दिया गया। इसके बाद सड़क बनाने का एवं अन्य काम यहां दोपहर तक पूरा कर लिया गया। शाम चार बजे एमजी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई।
इस आरयूबी के नीचे से गुजरने वाले रास्ते को खोलने के बाद अब रेलवे द्वारा सोहबतियाबाग आरयूबी पर आरसीसी के बॉक्स लगाए जाने हैं। पहले यह काम 14 दिसंबर से शुरू होना था, लेकिन राष्ट्रपति के इलाहाबाद आने के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देश पर रेलवे यह काम अब 14 की बजाय 17 दिसंबर से शुरू करेगा। सोहबतियाबाग आरयूबी में यह काम 21 दिसंबर तक चलना था जो अब 24 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद अल्लापुर में कुंदन गेस्ट हाउस आरयूबी पर यही काम रेलवे द्वारा अब 22 दिसंबर की बजाय 25 दिसंबर से शुरू किया जाएगा। यह काम दो जनवरी 2018 तक समाप्त होने की संभावना है।