लालगोपालगंज। इलाके के अंधियारी ग्राम सभा के गुलावन का पुरवा गांव में रविवार रात आई बारात दुल्हन को लिए बगैर लौट गई। वर पक्ष ने शादी में डेढ़ लाख रुपये दहेज की मांग की, जिससे बात बिगड़ गई। द्वारचार, जयमाल और भोजन की रस्म पूरी होने के बाद आधी रात विवाह के वक्त दहेज की मांग पर बवाल खड़ा हो गया। रुपये न देने पर दूल्हे ने फेरे लेने से इनकार कर दिया। लड़की पक्ष ने रुपये देने से साफ मना कर दिया। इस पर बारात लौट गई। लड़की वालों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर शादी में खर्च हुए रुपये दिलाने की मांग की है।
नवाबगंज इलाके के गुलावन का पुरा गांव निवासी मायाराम की बेटी सुनीता यादव की शादी हथिगवां थाना क्षेत्र के दलापुर गांव में रामराज यादव के बेटे राजेश कुमार से तय थी। रविवार शाम को बाराती तमाम खुशियां समेटे हुए यहां पहुंचे। घरातियों ने उनका तहेदिल से स्वागत किया। द्वारचार, जयमाल और खानपान का दौर खुशियों के बीच चलता रहा। आधी रात को जब सात फेरे लेने का वक्त आया तभी दूल्हा डेढ़ लाख रुपये दहेज में देने की बात पर अड़ गया।
इससे मंडप में खलबली मच गई। दोनों तरफ से दर्जनों लोग इकट्ठा हो गए। मान-मनौवल हुई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। लड़की पक्ष किसी भी कीमत पर डेढ़ लाख रुपये देने पर रजामंद नहीं हुआ। उनका कहना था कि तिलक में बाइक, सोने की चेन और नगदी दी जा चुकी है। आखिरकार दूल्हा और बाराती दुल्हन को लिए बगैर बैंरग लौट गए। सोमवार को मायाराम ने स्थानीय पुलिस चौकी में तहरीर देकर तिलक और शादी में खर्च हुए रुपये वर पक्ष से दिलवाने की मांग की। चौकी प्रभारी लालगोपालगंज एनके नागर ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया गया है। उचित कार्रवाई की जाएगी।