हंडिया थाना क्षेत्र के दुमदुमा गंगाघाट पर शुक्रवार को स्नान करने गए एक युवक को गांव के ही आधा दर्जन लोगों ने मार पीटकर नाव से गंगा नदी में में फेंक दिया। गहरे पानी में डूब जाने से युवक की मौत हो गई। शनिवार की सुबह तड़के ही युवक की लाश देखकर हड़कंप मच गया।
दुमदुमा गांव निवासी गोठई राम निषाद का बेटा पप्पू निषाद (35) शुक्रवार को दोपहर घर से गंगा नदी नहाने गया था। घाट पर जैसे ही वह पहुंचा पहले से ही गांव के मैहरदीन, रामजस, मूुसाफिर, सनी निषाद और अन्नी निषाद मौजूद थे। जैसे ही पप्पू को उन लोगों ने घाट पर देखा तो मारने पीटने लगे। उसके बाद नाव पर लादकर गंगा नदी में फेंक दिया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई।
देर शाम तक पप्पू जब घर नही लौटा तो परेशान परिजन तलाश करने लगे। सुबह उतराए शव को देखकर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी शराब का व्यवसाय करते हैं, इसीलिए मृतक से काफी रंजिश रखते थे। मां की तहरीर पुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। पप्पू के चार बच्चे है । वह गंाव में ही मजदूरी करके परिवार का पालन करता था।