जार्जटाउन के अल्लापुर में रहने वाले अधिवक्ता बृजेशमणि तिवारी (50) घर के भीतर फांसी पर लटके मिले। उनकी शिक्षिका पत्नी शाम पांच बजे के करीब घर लौटीं तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। फंदे से उतारकर आसपास की लोगों की मदद से वह पति को अस्पताल ले गईं जहां, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला खुदकुशी का लग रहा है। जांच की जा रही है।
बृजेशमणि मूल रूप से देवरिया के गौरीबाजार स्थित गोविंदपुर गांव के रहने वाले थे। उनकी पत्नी रिचा द्विवेदी जार्जटाउन स्थित जगत तारन इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। पति-पत्नी पिछले कई सालों से अल्लापुर शिवनगर में किराये पर कमरा लेकर रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं थीं। पत्नी रिचा ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार सुबह भी 10 बजे के करीब वह स्कूल चली गईं। उन्हें एक ट्रेनिंंग में शामिल होना था, ऐसे में उन्हें घर लौटने में देर हो गई। शाम करीब पांच बजे वह घर पहुंचीं तो दरवाजा भीतर से ख्ुाला था।
जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुईं, पति को फांसी पर लटका देख वह चीखने लगीं। किसी तरह फंदे से उतारकर उन्होंने पति को तख्त पर लिटाया। तब तक शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। जानकारी पर रिचा के भाई हाईकोर्ट में अनुभाग अधिकारी विजयानंद भी पहुंच गए। इसके बाद बृजेशमणि को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां से डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया। एसआरएन पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस पर पत्नी व अन्य पजिरन बिलखने लगे।
जानकारी पर एसआरएन चौकी पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, सूचना मिली तो जार्जटाउन इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह भी आ गए और परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पत्नी व अन्य परिजनों के मुताबिक अधिवक्ता ने खुदकुशी की। जांच पड़ताल की जा रही है।
शराब पीने के थे आदी, रहते थे बीमार
पुलिस के मुताबिक, रिचा ने बताया है कि उनके पति शराब पीने के आदी थे। जिससे उनके लीवर में संक्रमण हो गया था। बहुत शराब पीने के चलते ही वह बीमार भी रहने लगे थे। मना करने पर झगड़ने भी लगते थे। बताया कि शुक्रवार सुबह भी उन्होंने उनसे शराब के लिए रुपये मांगे थे जिसे लेकर उनके बीच नोकझोंक हुई। जिसके बाद वह उन्हें अपना एटीएम कार्ड देकर चली गई थीं। यह भी बताया कि बीमारी के चलते ही वह कहीं आते-जाते भी नहीं थे।
बीच रास्ते से लौटे देवरिया जा रहे भाई
पुलिस ने बताया कि मृतक अधिवक्ता के एक भाई राजीवमणि तिवारी हाईकोर्ट में राज्य विधि अधिकारी हैं। वह भी शहर में ही परिवार समेत रहते हैं। जिस वक्त यह घटना हुई, वह ट्रेन से देवरिया जा रहे थे। भाई की मौत की सूचना पर वह बीच रास्ते ही वापस लौट पड़े। पुलिस के मुताबिक, भाई व अन्य परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।