प्रयागराज। बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। इससे हाईकोर्ट में न्यायिक कार्य बुरी तरह से प्रभावित हुआ। अदालतें बैठीं, मगर अधिवक्ताओं के मौजूद न होने के कारण जरूरी कार्य निपटा कर जज चैंबरों में लौट गए ।
अधिवक्ता सुबह साढ़े नौ बजे हाईकोर्ट के मुख्य द्वार के समक्ष एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उप्र बार कौंसिल ने अधिवक्ताओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं और कल्याणकारी योजनाओं की राज्य सरकार द्वारा की जा रही अनदेखी के विरोध में प्रदेशव्यापी विरोध का आह्वान किया था। इस क्रम में हाईकोर्ट बार की एक बैठक लाइब्रेरी हाल में हुई, जिसकी अध्यक्षता निवर्तमान वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिलेश मिश्र गांधी ने और संचालन निवर्तमान महासचिव जेबी सिंह ने किया। बैठक में तय किया गया कि कौंसिल भविष्य में आंदोलन को लेकर जो भी रणनीति बनाएगा, हाईकोर्ट के वकील भी उसी के अनुरूप कार्य करेंगे।
बैठक में निवर्तमान कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों के अलावा नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेंद्र नाथ सिंह, महासचिव प्रभाशंकर मिश्र, अभिषेक शुक्ल, दुर्गेश चंद्र तिवारी, पूर्व संयुक्त सचिव प्रशासन संतोष कुमार मिश्र आदि भी मौजूद रहे।
जिला न्यायालय के अधिवक्ता भी हड़ताल पर हे। अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाल दीवानी न्यायालय से चौरासी खंभा तक नारेबाजी की और डीएम कार्यालय पहुंच कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जुलूस का नेतृत्व बार कौंसिल के उपाध्यक्ष देवेंद्र मिश्र नगरहा ने किया।
संघ के मंत्री राकेश कुमार दुबे ने बताया कि संघ भवन पर सोमवार सुबह 11 बजे अधिवक्ता एकत्र हुए और दीवानी न्यायालय परिसर से चौरासी खंभा होते हुए डीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उप्र बार कौंसिल द्वार निर्देशित ज्ञापन एडीएम सीटी को सौंपा गया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया कि बार कौंसिल द्वारा सीओपी कार्ड पूरे प्रदेश में मान्य किया जाए। सरकार द्वारा अधिवक्ता कल्याण के मद में दी जाने वाली धनराशि न देने से वकीलों में रोष है।
उनका कहना है कि शासन द्वारा धनराशि न उपलब्ध कराने से वकीलों और उनके परिजनों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में सरकार को चेतावनी दी गई है कि समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए अन्यथा बार कौंसिल के नेतृत्व में अधिवक्ता सीधी कार्यवाही करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन देने में संघ के अध्यक्ष हरिसागर मिश्र, बार कौंसिल के उपाध्यक्ष देवेंद्र मिश्र नगरहा, पूर्व अध्यक्ष और एल्डर कमेटी के सदस्य उमाशंकर तिवारी, शीतला प्रसाद मिश्र, भगवत प्रसाद पांडेय, राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, अनिल तिवारी, प्रमोद सिंह नीरज, ओम प्रकाश तिवारी, कुश पांडेय, नितिन दुबे, रेवती रमण त्रिपाठी, आलोक शुक्ला, प्रकाश दुबे, विपिन तिवारी, अतुल दुबे, नरेंद्र ूिमश्र पिंटू, देवकांत शुक्ल, सौरभ जायसवाल, नीरज मिश्र सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे है।