हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की बृहस्पतिवार को हुई आम सभा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें दिवंगत अधिवक्ताओं के बच्चों को आर्थिक सहायता देने और वकीलोें के लिए आवास की व्यवस्था करने जैसे निर्णय शामिल हैं। बैठक में प्रस्ताव पास कर तय किया गया है 21 वर्ष तक की आयु के लिए बार एक हजार रुपये प्रतिमाह शिक्षा के लिए देगा। यह राशि ऐसे बच्चों को दी जाएगी जिनके माता-पिता का देहांत हो चुका है। वकीलों की विधवाओं को बार 2500 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा।
फोटो एफिडेविट सेंटर का शुल्क जमा करने के लिए बार एसोसिएशन में 12 नए काउंटर खोले जाएंगे। बार के नियमित कर्मचारियों को भी मेडिकल हेल्थ योजना का लाभ मिलेगा। संयुक्त सचिव प्रशासन अजय कुमार मिश्र को इसका दायित्व सौंपा गया है। वकीलों की आवासीय समस्या दूर करने के लिए हाईकोर्ट की ऑपरेटिव सोसाइटी का पंजीकरण कराया जाएगा। बार अध्यक्ष को इसके लिए मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिल चुकी है। संयुक्त सचिव प्रेस आशीष मिश्र को इस काम का जिम्मा सौंपा गया है। आम सभा की बैठक में अध्यक्ष अनिल तिवारी, महासचिव एससी पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगला प्रसाद त्रिपाठी, उपाध्यक्ष उदय शंकर तिवारी, राहुल पांडेय, अमित श्रीवास्तव, अजय कुमार मिश्र, आलोक शुक्ल, आशीष मिश्र, सारिका शर्मा, विंदेश्वरी प्रसाद, असलम अली, आदित्य नाथ पांडेय आदि मौजूद थे।