प्रयागराज में अधिवक्ता हत्याकांडः अधिवक्ता मो. इदरीस (फाइल फोटो)
- फोटो : CITY DESK
करेली में अधिवक्ता हत्याकांड, इदरीस की पत्नी-साले व अन्य परिजन पहुंचे थाने
प्रयागराज। करेली में अधिवक्ता मो. इदरीस हत्याकांड के मामले में रविवार को परिजनों से पांच घंटे तक पूछताछ हुई। पत्नी-साले व अन्य परिजनों से पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच ने भी कई बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। हालांकि फिलहाल यही बात सामने आई है कि परिजनों से पूछताछ में भी हत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है।
अधिवक्ता इदरीस की 31 अक्तूबर की भोर में घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद पत्नी आयशा व साला सरफराज शव लेकर बारा स्थित पैतृक गांव चले गए थे। ऐसे में उनसे पूछताछ नहीं हो सकी थी। जिसके बाद उन्हें रविवार को थाने बुलाया गया। उनके साथ ही मुकदमा वादी मृतक के फुफुरे भाई मो. अली, पिता सुबराती व अन्य परिजन दोपहर दो बजे के करीब करेली थाने पहुंचे। जहां कुछ देर बाद क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा भी मय टीम पहुंच गए। इसके बाद परिजनों से एक-एक करके पूछताछ शुरू हुई। पुलिस ने सबसे पहले अधिवक्ता की पत्नी आयशा से पूछताछ की। रंजिश के बाबत पूछा गया तो उसने इंकार कर दिया।
इसके बाद उसके मोबाइल के बारे में जानकारी मांगी गई। आयशा ने बताया कि घटना वाली रात 10 बजे के करीब इदरीस घर आकर सो गए। रात में रोजाना उनका ट्रक के सिलसिल में जाना होता है। चूंकि वह सो रही थी ऐसे में उसे नहीं पता कि कितने बजे वह घर से बाहर गए। मोबाइल के बारे में पूछने पर बताया कि नींद खुलने पर उसने दरवाजा बाहर से बंद पाया। साथ ही उसका मोबाइल भी गायब था। इसके बाद पुलिस ने साले व अन्य परिजनों से पूछताछ की। करीब पांच घंटे तक पूछताछ चलने के बाद शाम सात बजे के करीब सभी को घर भेज दिया गया। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पूछताछ के बाद भी हत्या की कोई वजह नहीं पता चल सकी है।
Advocate Idris Murder Case- फोटो : CITY DESK