राजकीय आस्थान यानी सरकारी जमीन पर कब्जे को प्रशासन ने शनिवार को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान 15 बीघा जमीन पर अवैध प्लाॅटिंग व अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिए गए।
उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार उत्तरी पीयूष कुशवाहा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने विकास प्राधिकरण व पुलिस बल के साथ राजकीय आस्थान की भूमि पर अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान तहसील क्षेत्र के मौजा नसीरपुर बख्तियारा (राजापुर) में राजकीय आस्थान की भूखंड संख्या 114,115,117,118,119,122 पर किए जा रहे अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।
इसके साथ ही बेली कछार में राजकीय आस्थान में भी बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाते हुए अवैध रूप से की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर कार्रवाई करते हुए हुए करीब 15 बीघा राजकीय आस्थान की भूमि को अतिक्रमणकर्ताओं से मुक्त कराया गया।
उपजिलाधिकारी सद ने बताया कि भूखंड के अवैध विक्रेताओं/प्लाटिंगकर्ताओं के खिलाफ जांच कराकर एंटी-भूमाफिया व अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। राजकीय भूमि की सुरक्षा के लिए कार्रवाई आगे भी लगातार की जाती रहेगी। कार्रवाई के दौरान टीम में कानूनगो मनोज तिवारी, लेखपाल दिव्यांशु, विष्णुकांत आदि मौजूद रहे।
पीडीए ने 18 बीघे जमीन पर ध्वस्त की अवैध प्लॉटिंग
प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शनिवार को जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में जोन-5 के अंतर्गत तीन स्थानों पर 18 बीघे से अधिक जमीन पर किए गए अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। अनिल सिंह, दिलीप सिंह, सौरभ सिंह सहित अन्य की ओर से मौजा बेरुई, परगना झूंसी, तहसील फूलपुर में करीब 10 बीघे, इसी मौजा बेरुई में हाईवे के दक्षिण में राघवेंद्र सिंह व धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य की ओर से पांच बीघे और मौजा चंदरपुर, बसमहुआ, झूसीं सत्यम सिंह, राजकुमार, इरफान और कादी सिंह सहित अन्य की ओर से तीन बीघे में की गई अवैध प्लॉटिंग को गिराया गया। अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।