महाकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ में अंतिम चरण में चल रही सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लेने आए एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने थल के साथ जल व नभ में भी सुरक्षा इंतजाम देखे। एटीएस, एसटीएफ की तैयारियों के साथ ही उन्होंने एंटी ड्रोन और जल पुलिस की तैयारियों को भी परखा।
फिलहाल वह तैयारियों से संतुष्ट दिखे और कहा कि महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। मेले में पुलिस की तैयारियों के निरीक्षण के लिए एडीजी एक दिन पहले ही शहर आए थे। बुधवार दोपहर में वह सबसे पहले एटीएस के कैंप में पहुंचे। वहां जवानों से बात की और उनके रहने, खाने के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली। वह मेला क्षेत्र में बने एसटीएफ के कैंप को भी देखने पहुंचे और वहां मातहतों से बातचीत की।
इसके बाद वह जल पुलिस की तैयारियों को परखने के लिए वीआईपी घाट पर पहुंचे। वहां से पांटून बोट पर सवार होकर वह मेला पुलिस के अन्य अफसरों संग संगम नोज गए। इस दौरान जल में की गई सुरक्षा संबंधी तैयारियों के एक-एक बिंदु पर अफसरों से जानकारी ली।
इसके बाद वह बोट से ही अरैल पहुंचे और वहां बने वीवीआईपी घाट के साथ ही अरैल कोतवाली का भी निरीक्षण किया। कोतवाली में पुलिसकर्मियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी देखा। साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर करने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद पांटून बोट से ही वह फिर वीआईपी घाट पहुंचे और एंटी ड्रोन सिस्टम का भी जायजा लिया। फिलहाल वह तैयारियों से संतुष्ट नजर आए। कहा कि ज्यादातर कार्य पूरे हो चुके हैं और कुछ शेष हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। महाकुंभ के सुरक्षित आयोजन के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है।