Additional Chief Secretary asked, what action was taken against land mafia
प्रयागराज। अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी सोमवार को प्रदेश के कई आला अधिकारियों के साथ धूमनगंज थाने पहुंच गए। दरअसल वह किसी केस के सिलसिले में हाईकोर्ट आए थे। वहां से लौटते समय वह धूमनगंज पहुंचे और पूछा कि भूमाफिया के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई? इसके अलावा थानों की जरूरतों के बारे में भी उन्होंने इंस्पेक्टर और एसएसपी से पूछा। उन्होंने मुआयना रजिस्टर में थानों की जरूरतों के बारे में लिखा।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, गृह सचिव भगवान स्वरूप, प्रमुख सचिव भुवनेश कुमार आदि अधिकारियों ने डीआईजी, डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग की फिर धूमनगंज थाने पहुंच गए। यहां आफिस, थानाध्यक्ष कक्ष आदि कमरों का मुआयना किया गया। पूछा कि मालखाना कहां है। इंस्पेक्टर ने बताया कि थाने पर मालखाना नहीं है। एक कमरे को मालखाना बनाया गया है। इसके बाद उन्होंने पेडिंग केस के बारे में जानकारी मांगी। हाल में हुए ट्रिपल मर्डर तथा अपराधों के अलावा डीआईजी से पूछा कि प्रयागराज में साल भर में औसतन कितने मर्डर हुए हैं। हाल के वर्षों में संख्या में कमी आई है या फिर मर्डर बढ़े हैं।
भूमाफिया के बारे में कार्रवाई के बारे में भी उन्होंने पूछा। इंस्पेक्टर ने कहा कि अगर थाने को मालखाना और दो सौ सिपाहियों के रहने का बैरक मिल जाय तो काफी समस्याओं का हल हो जाए। उन्होंने डीएम और एसएसपी से इस बारे में दो महीने में निर्णय लेने को कहा। धूमनगंज में राजरूपपुर और एयरपोर्ट थाने प्रस्तावित हैं। अपर मुख्य सचिव ने डीएम से जल्द से जल्द इन थानों के लिए जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। आफिस में कंप्यूटर और आन लाइन एफआईआर वगैरह के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली। फिर मुआवना रजिस्टर पर थानों की जरूरतों के बारे में विस्तार से लिखा।
एसएसपी अनिरुद्ध सत्यार्थ पंकज ने बताया कि अपर मुख्य सचिव इससे पहले नोएडा और लखनऊ के एक एक थानों का निरीक्षण कर चुके हैं। वह इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर थाने में पुलिस वालों को किन-किन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण पंजिका में भी उन्होंने समस्या और समाधान के बारे में ही लिखा।