फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ढरहरिया में ध्वस्तीकरण दस्ते पर पथराव

Wed, 17 Dec 2014 11:51 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
ढरहरिया में राजकीय आस्थान पर अवैध रूप से बने मकानों को बुधवार को गिराने पहुंचे जिला प्रशासन और एडीए के अफसरों पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया। गलियों और छतों से अचानक हुए पथराव में एसडीएम सदर एवं सीओ की गाड़ियों के साथ नगर निगम का एक ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को खदेड़ा। एडीए ने पथराव करने वालों और अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
विज्ञापन

कर्नलगंज के ढरहरिया में एनी बेसेंट स्कूल के पास एसएफएल से प्रभावित राजकीय आस्थान पर अवैध रूप से प्लाटिंग हो रही है। इसमें करीब दर्जनभर लोग मकानों का निर्माण भी करा रहे हैं। डीएम भवनाथ ने एसडीएम, एडीए और सीओ को इसके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था। बुधवार को एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह, एडीए के जेडओ आलोक पांडेय, सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार कई थानों की पुलिस एवं पीएसी के साथ ढरहरिया पहुंचे। करीब दो बजे एडीए के जेसीबी ने मकानों की दीवारें गिराना शुरू की।

लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। दस्ते ने छह निर्माणाधीन मकानों की दीवारें गिरा दीं। इस बीच एडीए के जेसीबी का हाईड्रोलिक पाइप खराब हो गया। एडीए ने नगर निगम के प्रभारी अधिकारी एसएल यादव को सूचना दी। निगम के जेसीबी के वहां आने तक लोगों का गुस्सा बढ़ गया। करीब पौने तीन बजे निगम का जेसीबी, गाड़ियां भी पहुंच गईं। इस बीच वहां जुटी भीड़ ने अफसरों पर पथराव शुरू कर दिया। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी तो लोगों ने गली और छतों से भी पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। अफसर और कर्मचारियों जान बचाकर भागे। पथराव में एसडीएम, सीओ की गाड़ियों के शीशे चकनाचूर हो गए। निगम का एक ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया। एडीए ने पथराव और अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। कार्रवाई में एडीए के एई अमरनाथ, बीआई घनश्याम तिवारी, परवेंद्र कुमार, सुपरवाइजर राम नारायण स्वर्णकार भी शामिल थे।  
विज्ञापन


ढरहरिया में एचएफएल से प्रभावित राजकीय आस्थान पर अवैध प्लाटिंग करने पर रोक है। बावजूद इसके वहां यह काम जारी है। एडीए के जोनल अधिकारी आलोक पांडेय ने बताया कि ढरहरिया में अच्चू यादव और उसके परिवार के लोग अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं। यहां दर्जनभर लोगों ने निर्माण शुरू कर दिया है। बुधवार को कार्रवाई में राम खेलावन, सालिगराम, राजेश, अमित, राजू एवं शिवराम के मकानों की दीवारें गिराई गई। उस दौरान पथराव किया गया।
ढरहरिया में ध्वस्तीकरण के दौरान बवाल की यह पहली घटना नहीं है। मई में भी एडीए यहां बख्शी बांध से लगे हिस्से में अवैध मकानों को गिराने पहुंचा था। उस दौरान भी लोगों ने अफसरों को घेर लिया था। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों ने अफसरों को बांध से नीचे नहीं उतरने दिया। अफसरों को यह भी सूचना मिली थी कि लोगों ने घरों में ईंट-पत्थर एकत्र कर रखे हैं। कार्रवाई के दौरान पथराव हो सकता है सो पूरे तैयारी से गए दस्ते को खाली हाथ लौटना पड़ा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें