तहसील हंडिया के संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण पर असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर डीएम ने 11 कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने तहसील दिवस के निस्तारित प्रकरणों में से रैंडम आधार पर 50 प्रकरणों का परीक्षण 17 जिलास्तरीय अधिकारियों से कराया था।
जांच में 11 ऐसे मामले पाए गए जिन पर शिकायतकर्ताओं से असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ। इस पर डीएम ने हंडिया में तैनात लेखपाल प्रबोध कुमार, अंकित श्रीवास्तव, महेंद्र कुमार व सूरज के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की है।
वहीं, उपनिरीक्षक हंडिया नवी अहमद, ग्राम विकास अधिकारी सैदाबाद नरेंद्र कुमार यादव, ग्राम विकास अधिकारी हंडिया अतर सिंह व लेखपाल अनुपम आनंद को प्रतिकूल प्रविष्ट जारी की गई।
इसके अलावा लेखपाल राजनीश कुमार व अखिलेश कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया गया है जबकि लेखपाल विवेक कुमार निराला को चेतावनी जारी की गई है।
दूसरी ओर तहसील सदर के संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर एडीएम सिटी सत्यम मिश्रा ने सिविल लाइंस, कर्नलगंज व जॉर्जटाउन के थानाध्यक्ष को मौके पर तलब कर लिया।
तहसील सदर के संपूर्ण समाधान दिवस पर अनुपस्थित रहने पर गन्ना निरीक्षक व बाल विकास परियोजना अधिकारी व गन्ना निदेशक पर कार्रवाई की संस्तुति की गई। अधिशासी की जगह अवर अभियंता के उपस्थित होने पर अधिशासी अभियंता को भी तलब कर लिया।
उधर, सिंचाई विभाग के संबंधित अफसरों की गैर मौजूदगी पर विभाग के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर अनुपस्थिति का कारण पूछने के निर्देश दिए हैं।