फतेहगंज पश्चिमी। पुलिस ने हाईवे पर सावन में कांवड़ियों के निकलने के दौरान हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक की वनवे व्यवस्था की है, लेकिन यह व्यवस्था हादसों का सबब बन रही है। शनिवार दोपहर प्राइवेट बस ने एक टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक समेत डिग्री कॉलेज की तीन छात्राएं घायल हो गईं। राहगीरों ने उन्हें हाईवे स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बस और टेंपो को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया। सूचना पर एसडीएम ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर छात्राओं का हाला जाना।
कस्बा फतेहगंज निवासी शिवानी शुक्ला, गांव थानपुर निवासी रचना देवी और गांव बल्लिया निवासी मोनिका अनुविस डिग्री कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। शनिवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी के बाद तीनों टेंपो से घर जा रही थी। हाईवे वनवे होने के कारण टेंपो दूसरी साइड पर चल रहा था। जैसे ही टेंपो बल्लिया की तरफ मुड़ा सामने से आ रही बरेली-शीशगढ़ रूट की प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया। चीखपुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों ने टेंपो के नीचे दबी तीनों छात्राओं और चालक रामकुमार निवासी गैलुहिया जागीर सीबीगंज को निकालकर हाईवे स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने टेंपो और बस को कब्जे में लेकर फतेहगंज पश्चिमी थाने में खड़ा करा दिया। सूचना पर घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए है। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना। छात्रा शिवानी के सिर में अधिक चोट लगने कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि डॉक्टर ने उसे खतरे से बाहर बताया है।