यूपी बोर्ड परीक्षा के पंजीकरण में फर्जीवाड़ा करके मनमाने तरीके से अपने लोगों को परीक्षा पास कराने के लिए एक से अधिक विद्यालयों से फार्म भरवाने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद प्रदेश भर में जांच शुरू हो गई है। यूपी बोर्ड की ओर से सभी क्षेत्रीय कार्यालयों से एक से अधिक विद्यालयों से ऑन लाइन पंजीकरण करने की जांच करने को कहा है।
शिक्षा माफिया एवं स्कूल वालों के गठजोड़ से दूसरे राज्यों सहित अपने चहेतों को बोर्ड परीक्षा पास कराने के लिए एक से अधिक विद्यालयों से पंजीकरण करवा लिया था। बोर्ड की ओर से प्रवेश पत्र जारी करने के दौरान गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद मामला सामने आने और अमर उजाला की ओर से मामले को उठाने के बाद इलाहाबाद में जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विद्यालयों को नोटिस भेजने के बाद अब यूपी बोर्ड ने भी सभी क्षेत्रीय सचिवों से फर्जीवाड़े की जांच करने को कहा है।
पता चला है कि शिक्षा माफिया छात्रों को नकल की सुविधा वाले केंद्रों की व्यवस्था करने के साथ उनके रहने और खाने की भी व्यवस्था करते हैं। शिक्षा माफिया की इस हरकत के बाद अब बोर्ड की ओर से इन आवेदन पत्रों की जांच करके बाहरी परीक्षार्थियों का अभ्यर्थन निरस्त किया जाएगा। यूपी बोर्ड के अपर सचिव का कहना है कि बोर्ड की ओर से सभी क्षेत्रीय सचिवों से एक से अधिक आवेदन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ जांच को कहा गया है।