महाकुंभ में बाहर से आने वाली फोर्स और अन्य प्रबंधों के लिए सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों का अधिग्रहण अब परेशानी का सबब बनने लगा है। नैनी में सीबीएसई बोर्ड की ओर से सेमस्टार ग्लोबल स्कूल का अधिग्रहण किए जाने के बाद कई परीक्षाओं पर संकट खड़ा हो गया है। सेमस्टार स्कूल के प्रबंधक ने अपर जिलाधिकारी नगर मदन कुमार को पत्र भेजकर छात्रों के भविष्य पर छाए संकट से अवगत कराया है। बतादें कि प्रशासन ने 29 कॉलेजों का अधिग्रहण किया है।
प्रबंधक ने कहा है कि इस कॉलेज में आसपास के छह विद्यालयों के छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए आते हैं। बेथनी कान्वेंट स्कूल, जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल, केंद्रीय विद्यालय सीओडी छिवकी, केंद्रीय विद्यालय आईआईटी नैनी और एसएमसी घूरपुर इसमें शामिल हैं। विद्यालय की प्रीबोर्ड परीक्षा 12 दिसंबर से प्रस्तावित है। सीटीईटी की परीक्षा भी 15 दिसंबर को होनी है। ऐसे में अधिग्रहण किए जाने से संपूर्ण पठन-पाठन बंद हो जाएगा। छात्रों के भविष्य को देखते हुए इस पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। ब्यूरो