ACF RFO recruitment interview from 26
सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) परीक्षा-2017 का इंटरव्यू 26, 27 एवं 28 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बृहस्पतिवार को साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिया।
इंटरव्यू दो पालियों सुबह 10 और दोपहर दो बजे से आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अनुक्रमांकवार निर्धारित तिथि एवं समय पर इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।
एसीएफ/आरआएफओ-2017 के तहत 137 पदों पर चयन होना है। इनमें सामान्य चयन के 65 और विशेष चयन के लिए 72 पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 10 से 24 सितंबर 2018 में आयोजित की गई थी, जिसमें 1819 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मुख्य परीक्षा का परिणाम पांच अगस्त 2020 को जारी किया गया था, जिसमें इंटरव्यू के लिए 333 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह स्पष्ट कर दिया गया है कि किसी भी दशा में साक्षात्कार तिथि में परिवर्तन के लिए कोई भी प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। हालांकि, पीसीएस-2018 के इंटरव्यू में आयोग ने अभ्यर्थियों के आवेदन पर उनकी इंटरव्यू तिथि बदली है। लेकिन, एसीएफ/आरएफओ-2017 परीक्षा के अभ्यर्थियों को यह सुविधा नहीं दी जा रही है।
अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन परंपरागत आवेदनपत्र भरकर उसे मुद्रित करना होगा और आवश्यक अभिलेखों के साथ नियम तिथि एवं समय पर पहली पाली के लिए सुबह नौ बजे और दूसरी पाली के लिए सुबह 11 बजे आयोग कार्यालय स्थित यमुना भवन में उपस्थित सुनिश्चित करनी होगी। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार साक्षात्कार में बुलाए गए अभ्यर्थियों के परंपरागत आवेदन पत्र एवं शैक्षिक अभिलेखों के परीक्षण के दौरान अगर यह संज्ञान में आता है कि कोई अभ्यर्थी पद की विज्ञापित अनिवार्य अर्हता पूरी नहीं करता है तो आयोग द्वारा ऐसे अभ्यर्थी को साक्षात्कार से वंचित कर अभ्यर्थन निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।