घूरपुर के चकिया डेरा गांव में पिता की हत्या के चश्मदीद गवाह राहुल कुमार और उसके परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। 15 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे दो हमलावरों ने कुल्हाड़ी लेकर उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। राहुल के अनुसार, 1 जून 2026 को उसके पिता तिलकधारी की हत्या हुई थी, जिसका वह चश्मदीद गवाह है।
मुकदमे में नामजद आरोपी केस वापस लेने और गवाही न देने का दबाव बना रहे हैं। परिवार के शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे तो हमलावर भाग निकले। जाते समय उन्होंने गवाही देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। राहुल ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने दो नामजद सहित चार अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है।