अमिलिया गांव में रविवार रात ईंट-भट्ठा संचालक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं घायल का एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अमिलिया गांव निवासी लाल बहादुर पटेल उर्फ गपोली पटेल रविवार रात करीब 9:30 बजे गांव के समीप स्थित अपने ईंट-भट्ठे से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, रास्ते में जमीन के विवाद को लेकर उनके सौतेले भाई ने गोली मार दी थी। हालांकि, गोली उनके कान के पास से छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एसआरएन अस्पताल भेजा। सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी रमाशंकर पटेल और राजेश को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया।