बीते दिनों हथिगहां बाजार में जानलेवा हमले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
बीते पांच अप्रैल की रात सड़क पर वाहन खड़ा करने को लेकर मोहम्मदपुर निवासी कंचन यादव तथा उसके छोटे भाई नितिन का काली शंकर तथा उनके बेटे विभव गुप्ता से विवाद हो गया था। घटना के वक्त कुछ लोगों ने कंचन के भाई नितिन यादव पर जानलेवा हमला कर दिया था। घायल नितिन को शहर के एक निजी अस्पताल के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।
कंचन यादव की तहरीर पर पुलिस ने काली शंकर गुप्ता तथा पांच अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी काली शंकर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन सभी फरार हैं। वहीं घटना के दूसरे दिन हथिगहां चौराहे पर सन्नाटा छाया रहा।