नीबी गांव निवासी गुलेश भारतीया की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को खाई बरदहा मार्ग स्थित कल्याणशाह पुरा मोड़ के पास से पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, नीबी गांव निवासी प्रदीप उर्फ बाबूजी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके पिता गुलेश भारतीया नौजून को शराब पीने के लिए आरोपी राजेन्द्र उर्फ बड़कऊ भारतीया के घर गए थे। वहां दोनों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान गुलेश गिरकर घायल हो गए और बाद में उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब के पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। धक्का लगने से गुलेश गिर गए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।