फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: मां के नाम पर लेखपाल ने ले ली जमीन, निलंबित

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रयागराज। मां के नाम पर अनुसूचित जाति की जमीन की रजिस्ट्री कराने के आरोप में सदर तहसील के अंतर्गत कटहुला गौसपुर उर्फ पीपलगांव में तैनात लेखपाल अंशुमान सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम ने तहसीलदार को पूरे मामले की जांच सौंपी है। इसके अलावा अनुसूचित जाति की जमीन की बिक्री की अनुमति सीआरओ की ओर से दी जाती है। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने भी अपर आयुक्त अमृत लाल बिंद को जांच सौंपी है।
विज्ञापन

कटहुला गौसपुर में फर्जी तरीके से अनुसूचित जाति के व्यक्ति की जमीन की बिक्री की शिकायत की गई थी। किसानों ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से की थी। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट की ओर से धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। किसानों का आरोप था कि दस्तावेजों में हेराफेरी करके करोड़ों की संपत्ति की बिक्री की गई है। उन्होंने दो लेखपालों के अलावा एसडीएम तथा तहसीलदार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
चूंकि अनुसूचित जाति के व्यक्ति की जमीन की बिक्री की अनुमति मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) के यहां से दी जाती है। ऐसे में सीआरओ कार्यालय की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लेखपाल अंशुमान सिंह पर परिवार के ही सदस्य के नाम पर जमीन लिए जाने का भी आरोप है। इसे लेकर यूनियन की ओर से शुक्रवार को भी कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन करने के साथ ज्ञापन सौंपा गया।
विज्ञापन

किसानों की इन शिकायतों पर एसडीएम की ओर से जांच कराई गई और प्रथम दृष्टतया लेखपाल अंशुमान को दोषी पाया गया। जांच में पाया गया कि अनुसूचित जाति वर्ग की पितना देवी, अजय कुमार और सुभाष चंद्र की जमीन गीता सिंह के नाम पर कराई गई। गीता सिंह लेखपाल अंशुमान की मां हैं। लेखपाल के इस कृत्य को कदाचार की श्रेणी में पाया गया। इस आरोप में लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दूसरे आरोपी लेखपाल का कार्यक्षेत्र बदल दिया गया है।
एसडीएम अभिषेक सिंह का कहना है कि अनुसूचित जाति के व्यक्ति की जमीन खरीदने की अनुमति सीआरओ ऑफिस से दी गई है या नहीं इसकी भी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत की गई है। कई गंभीर आरोप हैं। अपर आयुक्त प्रशासन को जांच सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें