प्रयागराज। प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों की शहर से बेहतर संपर्क के लिए यूपी रोडवेज एक बड़ी पहल करने जा रहा है। यूपी रोडवेज के प्रयागराज परिक्षेत्र ने दो माह के भीतर गांव से शहर को जोड़ने के लिए 11 रूट चिह्नित किए हैं। इसका लाभ पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ को भी मिलेगा।
दरअसल शासन ने अक्तूबर माह में प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों को शहर से रोडवेज बस से जोड़ने के लिए सर्वे करने का फरमान जारी किया था। यह भी कहा गया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि से विचार विमर्श भी इस बारे में जरूर किया जाए। फिलहाल अब संगम नगरी के ग्रामीण इलाके में रहने वाले लोगों की शहर तक आने की परेशानी जल्द हल होगी।
गांव से शहर और शहर से गांव तक जाने के लिए परिवहन की सुविधा में विस्तार किया जाएगा। जिले में कोरांव, मेजारोड, फूलपुर, जंघई समेत 11 रूटों पर बसें चलेंगी। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि महाकुंभ के पूर्व 100 बसें प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना व 100 बसें नगर विकास मंत्रालय की ओर से शहरी सीमा में चलाई जानी हैं। इसके अलावा अब ग्रामीण इलाकों को शहर से जोड़ने के लिए 11 रूटों पर बस चलाने पर मुहर लग गई है।