प्रयागराज। शिवकुटी स्थित एमएनएनआईटी परिसर में शनिवार शाम घर के बाहर चारपाई पर सो रहे चार साल के मासूम को डंफर ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ निवासी गोतीराम मजदूरी करके अपने व अपने परिवार का जीवन यापन करता है। इन दिनों वह एमएनएनआईटी परिसर में निर्माणाधीन भवन के काम मेें लगा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार की शाम उसका चार माह का बेटा चारपाई पर लेटा हुआ था। जबकि गोतीराम व उसकी पत्नी काम में व्यस्त थे। इसी दौरान भवन निर्माण सामग्री लादकर ले जा रहे डंफर ने चारपाई पर सो रहे मासूम को चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक डंफर बैक कर रहा था और उसकी लापरवाही से डंफर का पहिया चारपाई पर चढ़ गया। घटना के बाद आरोपी चालक डंफर छोडक़र मौके से भाग निकला। उधर शोरगुल सुनकर बाहर आए माता-पिता ने मासूम का खून से लथपथ शव देखकर बदहवास से हो गए। शिवकुटी थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। डंफर को कब्जे में ले लिया गया है जबकि चालक की तलाश की जा रही है।