यमुनापार के मेजा इलाके में बुधवार सुबह घर के पास इंटर की छात्रा को ट्रक ने रौंद दिया। छात्रा की मौत से भड़के लोगों ने भटौती पहाड़ी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ट्रक ड्राइवर को भी मारपीटकर बंधक बना लिया। पुलिसवाले आए तो उन्हें दौड़ाकर पथराव किया। करीब चार घंटे बाद सीओ और एसडीएम के काफी समझाने और मनाने पर लोग सड़क से हटे। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
भटौती कोनिया गांव निवासी कृष्णालाल निषाद की बेटी सरोज देवी (18) बारहवीं की छात्रा थी। वह बुधवार सुबह घर से निकलकर जा रही थी तभी भटौती पहाड़ी स्थित क्रशर प्लांट की ओर जा रहे खाली ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। उसकी वहीं मौत हो गई। वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने ट्रक ड्राइवर को दबोचकर पीटा और कमरे में बंद कर दिया। साथ ही चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी एफआईआर और मुआवजा दिलाने की। खबर पाकर कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे तो भीड़ ने उन्हें खदेड़ लिया। फिर कई थानोें की पुलिस पहुंची तो भीड़ ने पथराव कर दिया। ग्रामीणों के उग्र रुख के चलते पुलिस दूर ही खड़ी रही। करीब दस बजे सीओ राजवीर सिंह और एसडीएम मेजा डॉ.विपिन मिश्र ने आकर गांववालों से बात की। उन्हें भरोसा दिया कि ड्राइवर तो उनके ही कब्जे में है। उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखी जाएगी। साथ ही मुआवजा भी दिलाने का प्रयास होगा। अफसरों के काफी समझाने पर करीब साढ़े दस बजे चक्काजाम खत्म हुआ मगर गांव वालों ने रात तक कोई ट्रक प्लांट की ओर नहीं जाने दिया।