मिर्जापुर मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र के डेरी चौराहे पर रविवार सुबह बाइक सवार चाचा-भतीजा को गलत दिशा से रही आ रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। चाचा की मौत हो गई जबकि भतीजा गंभीर घायल हो गया। हादसे से बौखलाए लोग पुलिस की देरी पर आक्रोशित होकर बवाल पर उतारू हो गए। भीड़ ने तोड़फोड़ के बाद ट्रक में आग लगा दी। पथराव किया जिससे कई और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। राहगीर भी चुटहिल हुए। करीब दो घंटे तक मिर्जापुर मार्ग पर चक्काजाम रहा। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को मनाकर हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट लिखी।
औद्योगिक क्षेत्र के चक मियां का पूरा रेही कला गांव में रहने वाले मोहनलाल बिंद (55) रविवार सुबह वह अपने भतीजे मिथुुन बिंद उर्फ राहुल (23) के साथ बाइक पर नैनी बाजार के लिए रवाना हुए थे। उन्हें पेंट खरीदना था। वे दोनों मिर्जापुर मार्ग स्थित डेरी चौराहे पर पहुंचे तो सामने से गलत लेन पर ट्रक आ रहा था। ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी। मिथुन घायल होकर दूर जा गिरा लेकिन मोहनलाल ट्रक की चपेट में आ गए। आसपास के लोग जुटे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने आने में देर की तो लोगों ने घायल मिथुन को निजी अस्पताल पहुंचाया।
फिर भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ के बाद उसमें आग लगा दी। वहां से गुजरते लोगों और गाड़ियों पर भी ईंट-पत्थर फेंके। कई लोग चुटहिल हो गए। पौन घंटे बाद एक सिपाही आया तो लोगों ने उसे भी खदेड़ दिया। इसी बीच बाइक सवार एक सिपाही की लोगों ने पिटाई कर दी। बवाल बढ़ने पर दो थानों की पुलिस ने आकर लोगों को समझाकर मनाया। जले ट्रक को हटाकर पुलिस ने शव को सील किया तब जाकर करीब दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। इस घटना से दो परिवारों में कोहराम मचा है। मृतक मोहनलाल के परिजन गम में डूबे हैं तो घायल मिथुन के भी परिवार के लोग रोते-कलपते रहे। नैनी के एक निजी अस्पताल के एक आईसीयू में भर्ती कराया गया है।