फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राखी की रात से गुम छात्र का मिला शव

Mon, 31 Aug 2015 11:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
नए यमुना पुल से शनिवार रात घर में फोन करने के बाद से लापता इंटरमीडिएट के छात्र विकास सिंह ने सचमुच आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को उसका शव सैदाबाद के पास गंगा घाट पर मिला। खबर पाकर परिजन पहुंचे और शव लेकर चले गए। उसने क्यों ऐसा किया? यह रहस्य बना रह गया। पता चला है कि शनिवार शाम मोबाइल पर किसी से देर तक बात करने के बाद वह तनाव में नजर आया था।
विज्ञापन


राजापुर में रहने वाले एजी कार्यालय के सीनियर एकाउंटेंट राजेंद्र सिंह के दो बेटों में विकास छोटा था। विकास एजी कार्यालय के निकट स्थित वाईएमसीए में बारहवीं का छात्र था। शनिवार को बहन शालिनी से राखी बंधवाने के बाद शाम को वह बड़े भाई और बहन के साथ सिविल लाइंस गया था। फिर वे घर लौट आए। रात में भोजन के वक्त पिता राजेंद्र ने विकास को बुलाने के लिए कहा। मगर वह घर में नहीं था। कुछ देर बाद विकास ने शालिनी के मोबाइल पर फोन किया और पिता से बात की। उनसे कहा कि वह नए पुल से यमुना में कूद रहा है। बाइक पुल पर खड़ी है। इतना बोलकर उसने मोबाइल ऑफ कर दिया। परिजन पुल पर गए तो वहां बाइक खड़ी मिली मगर विकास नदारद था। रात भर खोजबीन के बाद रविवार को नैनी थाने में सूचना दी गई। रविवार को भी रात तक परिवार के लोग भटकते रहे। इसी बीच, सोमवार को सैदाबाद के पास तेलिया तारा गंगा घाट पर युवक की लाश मिली। खबर पाकर सैदाबाद चौकी की पुलिस पहुंची और इस बारे में वायरलेस पर सूचना दी।

 फिर नैनी थाने से खबर पाकर लापता विकास के परिजन भी वहां पहुंच गए। उन्होंने विकास की पहचान कर ली। पुलिस ने शव सौंपा तो परिजन उसे लेकर चले आए। ऐन रक्षाबंधन पर विकास ने ऐसा क्यों किया? यह राज ही रह गया। दुलारे बेटे विकास की मौत से गमगीन परिवार के लोग इस बारे में कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थे। अलबत्ता यह जरूर बताया कि शनिवार को सिविल लाइंस जाने से पहले विकास को किसी ने फोन किया था। मोबाइल पर देर तक बातचीत के बाद जब वह सिविल लाइंस को रवाना हुआ तो कुछ विचलित नजर आ रहा था मगर उसने किसी को बताया नहीं। सिविल लाइंस से घर लौटने के बाद वह छत पर गया। फिर अचानक उतरा और बाइक लेकर बाहर निकल गया। उसे फोन किसने किया था? ऐसी क्या बात हो गई जो विकास को मौत के रास्ते पर बढ़ना पड़ा? यह पुलिस की जांच में साफ हो सकता है मगर पुलिस इस घटना की तफ्तीश ही नहीं कर रही।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें