तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई। बाइक सवार दोनों फंसकर काफी दूर तक घसीटते हुए चले गए। एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद शनिवार दोपहर घूरपुर के सेमरा कलबना गांव के पास खलबली मच गई। सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।
घूरपुर के करमा बाजार स्थित पुरई का पूरा के बचऊ का पैतृक गांव लालापुर के इमिलिया गांव में है। उनके छह बेटो में एक शमशाद की करमा बाजार में फर्नीचर की दुकान है। उसकी दुकान पर छोटा भाई मीनार (19) मिस्त्री था। करमा बाजार का ही इसरार (18) भी मिस्त्री है। मीनार और इसरार दोपहर में बाइक से इमिलिया गांव जा रहे थे। वे परिवार के एक आयोजन में हिस्सा लेने जा रहे थे। दोपहर में लगभग डेढ़ बजे वे सेमरा कलबना गांव पहुंचे थे। बाइक मीनार चला रहा था। मीनार एक ट्रक को ओवरटेक कर आगे बढ़ा था कि सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आ गई। ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया।
ट्रक में फंसकर बाइक लगभग सौ मीटर तक घसीटते हुए चली गई। आसपास के लोग हादसे को देखकर पहुंचे। लेकिन तब मीनार की सांस थम चुकी थी। इसरार खून से लथपथ तड़प रहा था। आनन-फानन में घटना की सूचना घूरपुर पुलिस को दी गई। हादसे की खबर सुनकर मीनार और इसरार के घरवाले पहुंचे। इसरार के घरवाले उसकी हालत गंभीर देखकर शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर चले गए। इसरार अपने घर का इकलौता बेटा है। वहीं मीनार की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। मीनार के एक बड़े भाई कई साल पहले हत्या कर दी गई थी।