होली वाले दिन घूरपुर के जसरा इलाके में शुक्रवार रात एक बेकाबू ट्रक ने तीन युवकों को कुचल दिया। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर बांदा की ओर भाग निकला। आसपास के लोग पहुंचे तो तीनों युवकों का खून से लथपथ शव देखकर सिहर गए। सूचना पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के घरवालों को हादसे की खबर देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कौशांबी के सरायअकिल के सेवाथा गांव का सुनील कुमार भारतीया (25) होली पर अपने भाई राजेश कुमार की ससुराल नैनी के डभांव आया था। डभांव से सुनील बाइक लेकर गांव के रवि (23) पुत्र महेश भारतीया और राहुल (22) पुत्र दिलीप के साथ जसरा के बवंधर गांव गया था। रात लगभग आठ बजे वे रिश्तेदार के घर से होली मिलकर डभांव लौट रहे थे। जसरा नई बाजार के पास सुनील के मोबाइल पर फोन आ गया। वह बाइक किनारे लगाकर बात करने लगा। इसी बीच इलाहाबाद से बांदा की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने के चक्कर में ट्रक पटरी के नीचे उतार दिया। सड़क के किनारे खड़े सुनील, रवि और राहुल ट्रक की चपेट में आ गए।
ट्रक चालक तीनों को कुचलते हुए भाग निकला। हादसे से जसरा बाजार में खलबली मच गई। सूचना पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उनके पास मिले मोबाइल और कागजात के आधार पर शिनाख्त कर घरवालों को खबर दी तो कोहराम मच गया। मृतकों के घर होली की खुशियों की जगह मातम छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ तीन युवकों की मौत से डभांव गांव में होली की खुशियां मातम में बदल गईं। भाई की मौत से राजेश का रोकर बुरा हाल था।