छेड़छाड़ के विरोध में प्रेमिका को फाफामऊ पुल से गंगा नदी में फेंकने का आरोपी रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह दो साल से पुलिस को चकमा दे रहा था जिसे कैंट क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस अब घटना में शामिल रहे उसके चार साथियों की तलाश में जुटी है।आरोपी को कैंट के म्योराबाद क्षेत्र से बेली चौकी प्रभारी श्रवण निगम ने गिरफ्तार किया। बताया कि अप्रैल 2018 में घटना फाफामऊ पुल पर हुई थी।
म्म्योराबाद निवासी छात्रा कटरा स्थित एक स्कूल में पढ़ती थी। वहीं पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा से उसकी दोस्ती थी, जिसका भाई प्रकाश पासी भी उसके घर आता-जाता था। आरोप है कि 21 अप्रैल 2018 को उसने बहन के एक्सीडेंट होने का बहाना बनाकर उसे फाफामऊ पुल पर ले गया और रास्ते में नशीली टॉफी खिला दी। पुल पर उसके चार साथी पहले से मौजूद थे जिनके साथ मिलकर प्रकाश ने उससे अशील हरकत शुरू कर दी।
विरोध पर उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया। हालांकि मल्लाहों ने उसे बचा लिया जिसके बाद उसे बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप यह भी है कि अस्पताल में आकर आरोपी युवक के घरवालों ने भी छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार था जिसे रविवार को सटीक मुखबिरी पर पकड़ा गया। उससे छह बम भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।