फतेहगंज पश्चिमी। क्षेत्र के एक गांव में दूसरे समुदाय का युवक नाबालिग को फुसलाकर साथ ले गया। जानकारी पर एक पक्ष के लोग इकट्ठा होने लगे। विवाद की सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया। आरोपी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेने के साथ ही एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
परिजनों ने बताया कि किशोरी सुबह से ही लापता थी। तलाश करने पर पता चला कि मोनिस अंसारी बेटी को फुसलाकर साथ ले गया है। परिजनों ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शाम के समय आरोपी के परिजनों से शिकायत करने पर वह हाथापाई पर उतारू हो गए। सूचना पर दूसरे पक्ष के लोग भी जुट गए।
गांव में तनाव की सूचना पर सीओ हाइवे नितिन कुमार, थाना प्रभारी धनंजय पांडेय पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे। आरोपी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेने के साथ ही दोनों समुदायों के लोगों को समझाकर घरों की ओर भेजा। थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल गांव में शांति है। किशोरी और आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें खोज लिया जाएगा। गांव में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है।