चुनावी माहौल में नेताओं के महिला सुरक्षा के खोखले दावों में बीच सोनम ने इज्जत की खातिर जान दे दी। मंच से माइक पर महिलाओं की सुरक्षा पर बड़े बड़े दावे करने वाले नेता इस मामले पर खामोश हैं। इस घटना को लेकर कहीं कोई सुगबुगाहट नहीं है। पड़ोस का रहने वाला युवक महीनों से सोनम के साथ छेड़खानी कर रहा था। यह बात सबको मालूम थी लेकिन दबंग युवक के खिलाफ किसी ने शिकायत की हिम्मत नहीं दिखाई। ऐसे समाज को आइना दिखाते हुए सोनम ने जहर खा लिया। पुलिस ने अभी भी जांच के नाम पर अभी भी रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
कौशाम्बी कोतवाली के एक गांव की सोनम अपने ननिहाल में रहकर एक कालेज से बीए की पढ़ाई कर रही थी। रविवार की रात करीब 12 बजे उसने जहर खा लिया। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था कि उसकी मौत हो गई। घर वालों ने सूचना दी। घटना की जानकारी पर पहुंची करारी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनम के नाना ने बताया कि मोहल्ले का एक युवक उसके साथ आए दिन छेड़खानी करता था। उसने सोनम का घर से बाहर निकलना, उसका कालेज जाना हराम कर दिया था। वह घर दिन दिन भर रोती थी।
दबंग युवक सोनम को धमकाता भी था, इसी कारण उसके खिलाफ तहरीर नहीं दी गई थी कि कहीं वह सोनम के साथ अनहोनी न कर दे। सोनम की मौत के बाद घर वाले रो रहे हैं। उन्होंने आरोपी युवक खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने हमेशा की तरह टरकाऊ रवैया अपनाया है। जांच के नाम पर आरोपी के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। थानाध्यक्ष राजेश सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सोनम की मौत पर क्षेत्र में खामोशी है। न सिर्फ मुहल्ले वालों में बल्कि माइक से बड़ी बड़ी बातें करने वाले नेताओं में भी। चंद दिनों के बाद ही कौशांबी में वोटिंग होने वाली है लेकिन सोनम की मौत पर सब खामोश हैं। न तो सामाजिक संगठनों से कोई आवाज आई है न ही महिलाओं के लिए काम करने वाली महिलाओं संगठनों ने सोनम को न्याय के लिए कोई आवाज उठाई है।