बारा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सीध टिकट के मजरा पंडित का पूरा में मारपीट में घायल एक युवक की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।
बुधवार रात राजेंद्र यादव तथा विपिन यादव आदि के बीच दूध लेकर जाते समय रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान धीरेंद्र यादव के सिर पर गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया था तथा उसको बचाने आई उसकी बहन साधना, भाई विजय तथा राघवेंद्र और उसकी मां उर्मिला भी चोटिल हो गई थी। परिजन घायल को लेकर जसरा अस्पताल पहुंचे। वहां से धीरेंद्र को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया था। राजेंद्र यादव के प्रार्थना पत्र पर आरोपियों लालू यादव सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
रविवार को इलाज के दौरान धीरेंद्र यादव (19) की मृत्यु हो गई है। इस संबंध में इंस्पेक्टर बारा कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। मुकदमे में नामजद आरोपी लालू यादव, मुलायम और मिथिलेश यादव पुत्र लालबहादुर यादव को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।