पक्की छेकाई का कार्यक्रम उस समय हंगामे में बदल गया, जब एक युवक ने सबके सामने अपनी साली की मांग में सिंदूर डाल दिया। घटना से जहां रिश्ता टूट गया, वहीं लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।
सरायममरेज थाना क्षेत्र के जंघई गांव निवासी संदीप साहू अपनी ससुराल आए थे। उनकी साली की शादी उतरांव क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी। मंगलवार को लड़के पक्ष के लोग शादी पक्की करने पहुंचे थे। पंडाल में रिश्तेदारों और मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया जा रहा था। अचानक संदीप उठ खड़ा हुआ और सबके सामने अपनी साली की मांग में सिंदूर डाल दिया। उसके दो बच्चे भी हैं।
आरोप है कि विरोध करने पर संदीप ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। यह घटना देखकर लड़के पक्ष के लोग विवाह संबंध तोड़ते हुए वहीं से वापस लौट गए। एसओ सराय ममरेज अतुल मिश्रा का कहना है कि लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने संदीप साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शांत भांग में 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है।