नई झूंसी के पीडीए कालोनी में ट्रांसफार्मर के जलने के बाद विभाग की ओर से लगाई जा रही ट्राली ट्रा
गंगापार के सीमा विस्तारित क्षेत्र के नई झूंसी आजाद नगर वार्ड स्थित पीडीए काॅलोनी के मुहाने पर लगा 400 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर सोमवार की देर रात अचानक फुंक गया। इससे सोमवार की रात तकरीबन एक बजे काॅलोनी के 500 मकानों में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। ट्रांसफाॅर्मर के जलने से पूरी रात लोगों को अंधेरेे में गुजारनी पड़ी।
मंगलवार की सुबह लोगों ने नई झूंसी बिजली उपकेंद्र पर बिजलीकर्मियों को ट्रांसफाॅर्मर के फुंकने की जानकारी दी। तकरीबन 16 घंटे बाद आवास विकास काॅलोनी योजना तीन स्थित बिजली उपकेंद्र से ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर लगाकर प्रभावित काॅलोनी की बिजली आपूर्ति बहाल की गई तो लोगों ने राहत की सांस ली। रातभर और अगले दिन शाम तक बिजली गुल होने से काॅलोनी में जलापूर्ति भी नहीं हुई जिससे गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई घंटे तक बिजली गुल होने से घरों में लगे इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। आवास विकास बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता जितेंंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति शाम को बहाल कर दी गई थी।